Page 1 of 1

मकर संक्रांति पर घर में क्या क्या बनाया जाता है, नोट कर लें पूरी लिस्ट, उत्तरायण का लें भरपूर आनंद

Posted: Mon Jan 13, 2025 3:11 pm
by Stayalive
मकर संक्रांति को हिंदू धर्म में बड़ा महत्वपूर्ण माना जाता है। इस दिन का विशेष धार्मिक महत्व है। साथ ही सूर्य मकर संक्रांति से उत्तरायण में प्रवेश करता है। सूर्य 6 महीने दक्षिणायन और 6 महीने उत्तरायण में रहता है। इस दिन सूर्य मकर राशि में प्रवेश करते हैं। लोग इस त्योहार को बड़ी धूमधाम के साथ मनाते हैं। मकर संक्रांति को लोग अलग-अलग जगहों पर अलग नामों से पुकारते हैं। कुछ लोग इसे खिचड़ी कहते हैं तो कहीं इसे उत्तरायण और पोंगल के नाम से जाना जाता है। मकर संक्रांति पर अलग-अलग तरह के पकवान बनाए जाते हैं। जानिए मकर संक्रांति पर क्या बनाया और खाया जाता है?

मकर संक्रांति पर क्या व्यंजन बनाए जाते हैं?

• खिचड़ी- मकर संक्रांति के दिन उड़द की दाल और चावल का महत्व होता है। इस दिन लोग दाल चावल को मिक्स करके खिचड़ी बनाते हैं और घी डालकर खाते हैं। संक्रांति पर खिचड़ी का दान भी किया जाता है।
• तिल और गुड़ के लड्डू- संक्रांति के दिन तिल और गुड़ के लड्डू घरों में बनाए जाते हैं। कुछ जगहों पर तिलकुट खाने का भी महत्व है। आप तिल और गुड़ का दान भी संक्रांति के दिन कर सकते हैं।
• रेबड़ी, गजक और चिक्की- संक्रांति के दिन रेबड़ी और गजक का भी महत्व होता है। इस दिन तिल से बनी चीजें जरूर खानी चाहिए। इससे पुण्य की प्राप्त होती है। आप मूंगफली की चिक्की भी खा सकते हैं।
• दही चूड़ा- मकर संक्रांति के दिन बिहार और झारखंड में खासतौर से दही चूड़ा खाने का चलन है। दही चूड़ा को गुड़ के साथ खाया जाता है। इससे शरीर को कई फायदे भी मिलते हैं और खाने में बेहद स्वादिष्ट लगता है।
• लाई के लड्डू- संक्रांति पर कई जगहों पर लाई यानि मुरमुरे के लड्डू भी बनाए जाते हैं। इन लड्डू को तैयार करना बहुत ही आसान है। आप इन्हें गुड़ में डालकर घर में तैयार कर सकते हैं। दान के लिए भी ये लड्डू खरीद सकते हैं।
• मूंग के मंगौड़े- मकर संक्रांति के दिन मध्य प्रदेश में मूंग दाल के मंगौड़े बनाकर खाते हैं। सर्दियों में गर्मागरम मूंग दाल के मंगौड़े और उसके साथ हरी चटनी खाने में मजा आ जाएगा। आप इसे जरूर ट्राई कर सकते हैं।
• बाजरा के पुआ- मकर संक्रांति पर बाजरा के आटे से बने पुआ या टिकिया बनाकर भी खाई जाती हैं। सर्दियों में बाजरा शरीर को गर्म रखता है। आप तिल डालकर इन्हें तैयार कर सकते हैं। मीठा खाने का मन हो तो बाजरा के पुआ बेस्ट हैं।
• सकरइ पोंगल- तमिलनाडु में स्वीट पोंगल रेसिपी बनाई जाती है। ये चावल और गुड़ से तैयार खीर होती है। जिसे चने और ड्राई फ्रूट्स डालकर बनाते हैं। पोंगल में इस डिश का सबसे ज्यादा महत्व होता है।
• उंधियू- गुजरात में उत्तरायण के दिन उंधियू बनाया जाता है। ये एक सब्जी जैसी डिश है। जिसमें सर्दियों की सब्जियों को डालकर बनाया जाता है। इसे मेथी के पकौड़ों और मसालों के साथ बनाया जाता है।
Source: https://www.indiatv.in/lifestyle/featur ... 13-1104949

Re: मकर संक्रांति पर घर में क्या क्या बनाया जाता है, नोट कर लें पूरी लिस्ट, उत्तरायण का लें भरपूर आनंद

Posted: Mon Jan 13, 2025 3:18 pm
by Warrior
यहाँ तमिलनाडु में, हम 13 जनवरी को बोगी पोंगल के रूप में मनाते हैं.

"बोगी पोंगल" तमिलनाडु में मनाए जाने वाले पोंगल त्योहार का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है. इसे पोंगल के पहले दिन मनाया जाता है, और यह पुराने और बेकार सामानों को जलाकर पर्यावरण को शुद्ध करने का प्रतीक है.

यह उत्सव खेतों में काम करने वाले किसानों और उनके समुदाय के लिए एक शुद्धता और नवीनीकरण का प्रतीक होता है. बोगी पोंगल के दिन, लोग अपने घरों और खेतों में पुराने कपड़े, लकड़ी, और अन्य बर्बाद सामान को एकत्र करते हैं और आग में जलाते हैं. इस प्रक्रिया को बोगी कुम्बल या बोगी फायर भी कहा जाता है. इसे खुशी, समृद्धि और नए जीवन की शुरुआत के रूप में मनाया जाता है.

Re: मकर संक्रांति पर घर में क्या क्या बनाया जाता है, नोट कर लें पूरी लिस्ट, उत्तरायण का लें भरपूर आनंद

Posted: Mon Jan 13, 2025 3:53 pm
by johny888
वैसे तो हम सभी जानते है की मकर संक्रांति पर तिल-गुड़ के लड्डू, खिचड़ी, पोंगल, और गजक बनाए जाते हैं। तिल और गुड़ शरीर को गर्म रखते हैं और सर्दी में फायदेमंद होते हैं। यह त्योहार नई फसल का जश्न है, इसलिए इसमें ताजे अनाज और सर्दी के मौजम के खास खाने का इस्तेमाल किया जाता है। मगर ऐसा क्यों है की कहीं कहीं देश में सक्रांति १३ को मन रहे है और कहीं १४ तारीख को मनाएंगे।